रायपुर: भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में राज्य गीत के सम्मान में कांग्रेस नेताओं के खड़े न होने पर घोर आपत्ति दर्ज कराते हुए उसे छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान निरूपित किया। श्री पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ के राजगीत का सम्मान न कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक, प्रदेश प्रभारी से लेकर सभी राष्ट्रीय व स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस के मन में छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ महतारी का कोई सम्मान नहीं है।
भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम बात बात पर छत्तीसगढ़िया संस्कृति की दुहाई देते नहीं थकते।
भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि कांग्रेस को कुलपति छत्तीसगढ़ का चाहिए और राज्यसभा भेजने के लिए छत्तीसगढ़िया से परहेज कर बाहरी लोगों को चुना जाता है। कांग्रेस की दोहरी मानसिकता में छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ महतारी के लिए कोई स्थान नहीं है। ये सिर्फ छत्तीसगढ़ का दोहन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ महतारी का यह अपमान छत्तीसगढ़ की जनता कभी नहीं भूलेगी।