इंडिया–एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

0
31
इंडिया–एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

रायपुर, 17 फरवरी 2026 : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया–एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेकर राज्य का प्रतिनिधित्व किया। वे लीडर्स प्लेनरी सत्र में शामिल हुए और शासन-प्रशासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी उपयोग पर विशेष रुचि दिखाई।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने सम्मेलन के दौरान एआई के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा वितरण सुनिश्चित करने तथा डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली विकसित करने के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आंतरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में एआई के सफल उपयोग के उदाहरणों पर विशेष ध्यान दिया।

इसे भी पढ़ें :-केन्द्रीय पर्यवेक्षकों ने छत्तीसगढ़ में पशुधन योजनाओं का लिया फीडबैक

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का द्वार भारत को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में वैश्विक महाशक्ति बनाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह शिखर सम्मेलन भारत द्वारा ग्लोबल साउथ में आयोजित पहला वैश्विक एआई सम्मेलन है, जिसमें अभूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय भागीदारी देखने को मिली है। 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों, 60 मंत्रियों और 500 से अधिक वैश्विक एआई नेताओं की उपस्थिति इस आयोजन की महत्ता को दर्शाती है।

शर्मा ने बताया कि नीति-निर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों, नवप्रवर्तकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर यह सम्मेलन इंडियाएआई मिशन और डिजिटल इंडिया पहल के अंतर्गत वैश्विक एआई विमर्श को ठोस एवं क्रियान्वयन योग्य विकास परिणामों में परिवर्तित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने समिट के प्रति वैश्विक उत्साह को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि 700 से अधिक प्रस्तावों की प्राप्ति इस बात का प्रमाण है कि पूरा विश्व भारत की एआई पहल को उत्साह से देख रहा है और सहयोग के लिए आगे आ रहा है।

इसे भी पढ़ें :-सुदूर अंचलों के श्रद्धालुओं को मिला अयोध्या धाम का सौभाग्य, मुख्यमंत्री ने कहा — यही जनसेवा की प्रेरणा

शर्मा ने कहा कि तकनीक संचालित प्रशासन ही भविष्य की आवश्यकता है और छत्तीसगढ़ सरकार डिजिटल नवाचारों को अपनाकर सुशासन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए राज्य में एआई आधारित समाधान लागू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

उपमुख्यमंत्री ने वैश्विक विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर सहयोग की संभावनाएं तलाशीं। उनका मानना है कि एआई का समुचित उपयोग ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बना सकता है।

छत्तीसगढ़ के स्टाल पहुंच किया अवलोकन

समिट में छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाई आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के स्टाल का भी अवलोकन किया। जहां इन्वेस्टमेंट कमिश्नर रितु सेन उनके दल द्वारा राज्य के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने स्टाल का अवलोकन कर युवाओं के दल का उत्साहवर्धन किया।

उपमुख्यमंत्री ने यूनाइटेड नेशन्स रेजिडेंट कमिश्नर से की मुलाकात

इस अवसर पर डीआरडीओ के स्टाल पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर स्टीफन प्रिजनर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग में तकनीक की भूमिका तथा विकासशील राज्यों में नवाचार आधारित समाधानों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here