रायपुर : सूरजपुर जिला पंचायत सभाकक्ष में आज सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व निर्देशों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए कृषि एवं संबंधित विभागों को जैविक पद्धति के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को मिट्टी परीक्षण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने की बात कही।
बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित भौतिक परीक्षण पर जोर दिया गया। सांसद ने कहा कि प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि भी कार्यस्थल का निरीक्षण करें, ताकि सड़कों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा हो सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में बताया गया कि 72,357 स्वीकृत आवासों में से 60,236 पूर्ण हो चुके हैं। जिला 84 प्रतिशत पूर्णता के साथ राज्य में चौथे एवं संभाग में प्रथम स्थान पर है। पिछले दो वर्षों में 34,809 स्वीकृत आवासों में से 24,420 पूर्ण किए गए हैं।
बैठक में अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, खेलो इंडिया एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।








