जशपुर : जशपुर जिले के दुलदुला में बिजली गिरने से मजदूर सनऊ राम (51) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय रेखा घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के बाद खतरे से बाहर बताया गया है। सनऊ अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठे में मजदूरी के लिए आया था और अस्थायी मकान में रह रहा था। वह मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम डोमा का निवासी था।
वहीं खबरों के मुताबिक, दूसरी ओर रायगढ़ में बिलासपुर जलाशय का गेट टूटने से पानी NH और पास के खेतों में फैल गया जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हुईं। प्रशासन की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर पानी का बहाव रोकने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने सिंचाई के लिए गेट खोला था, जबकि लंबे समय से गेट की मरम्मत और देखभाल नहीं होने के कारण उसकी खराब हालत भी इस घटना की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें :-राज्यपाल रमेन डेका से रक्षा महाविद्यालय नई दिल्ली के अध्ययन दल ने की सौजन्य भेंट
बता दें कि प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
अगले 48 घंटों में तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
इसे भी पढ़ें :-चैत्र नवरात्रि पर्व पर कवर्धा के गन्ना किसानों को मिली बड़ी सौगात
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।








