रायपुर, 02 अप्रैल 2026 : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत छत्तीसगढ़ पहुंचे विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा खेल के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अरुणाचल प्रदेश के फुटबॉल खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों सिरपुर, बारनवापारा एवं नया रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और जनजातीय संस्कृति को करीब से जाना।
खिलाड़ियों का यह सांस्कृतिक भ्रमण सिरपुर से शुरू हुआ, जहां उन्होंने प्राचीन लक्ष्मण मंदिर और बौद्ध स्मारकों के दर्शन किए। उन्हें सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, पुरातात्विक महत्व और सांस्कृतिक समृद्धि से अवगत कराया गया। इसके बाद खिलाड़ियों का दल बारनवापारा अभयारण्य पहुंचा,जहां प्राकृतिक वातावरण के बीच उन्हें बैंबू राफ्टिंग का रोमांचक अनुभव कराया गया। हरेली इको रिसॉर्ट, मोहदा बारनवापारा में खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा, जिसने उन्हें स्थानीय स्वाद और आतिथ्य से रूबरू कराया।
इसे भी पढ़ें :-अम्बिकापुर : भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों के समय में परिवर्तन, 11 अप्रैल से सुबह 07:30 बजे लगेंगे स्कूल
यात्रा के अगले चरण में खिलाड़ियों को नया रायपुर स्थित जनजातीय ट्राइबल म्यूजियम ले जाया गया, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ के जनजातीय वीरों की गाथाओं, पारंपरिक जीवनशैली, कला, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत को विस्तार से जाना। संग्रहालय के समृद्ध प्रदर्शन और जीवंत प्रस्तुतियों ने खिलाड़ियों को प्रदेश की विविधता और सांस्कृतिक गहराई से परिचित कराया।
खिलाड़ियों ने इस विशेष पहल के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और पर्यटन मंडल की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ इस प्रकार का सांस्कृतिक जुड़ाव उन्हें भारत की विविधता को समझने का अवसर प्रदान करता है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की यह पहल न केवल खिलाड़ियों को राज्य की पहचान से जोड़ रही है, बल्कि “खेलो इंडिया” के उद्देश्य एक भारत, श्रेष्ठ भारत को भी साकार कर रही है। यह प्रयास राज्य की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।








