विपुल मिश्रा
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू को केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा रावघाट–जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई है।
प्राप्त पत्राचार के अनुसार, रावघाट–जगदलपुर नई रेल लाइन के निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा इस परियोजना के अंतर्गत आवश्यक सरकारी भूमि का अधिग्रहण पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही बस्तर एवं कोंडागांव जिलों में निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है, जबकि नारायणपुर जिले में भूमि अधिग्रहण कार्य प्रगति पर है।
परियोजना से संबंधित वन भूमि के डायवर्जन की प्रक्रिया तथा टेंडरिंग की कार्यवाही भी तेज़ी से आगे बढ़ रही है। रेल मंत्रालय द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया है।
इसे भी पढ़ें :-जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
तोखन साहू ने इस परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि रावघाट–जगदलपुर रेल लाइन छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना ‘विकसित बस्तर’ के संकल्प को साकार करने में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। बेहतर कनेक्टिविटी से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। साथ ही यह पहल ‘नक्सल मुक्त भारत’ के लक्ष्य को सशक्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, क्योंकि विकास ही स्थायी शांति और प्रगति का आधार है।
साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सतत प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों के माध्यम से न केवल क्षेत्रीय असमानताओं को कम किया जा रहा है, बल्कि देश को समावेशी और संतुलित विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।








