प्रदेश भर से लोग योजना का लाभ लेकर कर रहे हैं बचत

0
34
प्रदेश भर से लोग योजना का लाभ लेकर कर रहे हैं बचत

रायपुर, 07 मई 2026 : प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। योजना से हो रही बचत से प्रेरित होकर लोग स्वस्फूर्त योजना से जुड़ रहे है और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन के साथ ही ऊर्जदाता के रूप में अपना योगदान दे रहे हैं। प्रदेश में अब तक 50 हजार से अधिक लोग इस योजना से लाभान्वित हुए हैं और उन्हें शासन से सब्सिडी भी प्राप्त हुई है। लोग अब इस योजना का लाभ लेने स्वयं ही दूसरों को प्रेरित भी कर रहे हैं।

इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के शहर के बजरंगपुर नवागांव निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने घर का बिजली खर्च शून्य करने में सफल हुए हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरे हैं। मिश्रा ने बताया कि उनके परिवार में तीन सदस्य हैं।

इसे भी पढ़ें :-मुख्यमंत्री के निर्देश के तहत जिले के सुदूर व पहाड़ी कोरवा बसाहटों में 113 हैंडपंप व बोरवेल की होगी खुदाई

पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 900 से 1000 रूपए तक आता था, जो गर्मी के मौसम में और अधिक हो जाता था। उन्होंने 17 जनवरी 2026 को अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया। इसके बाद से पिछले तीन महीनों से उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन से कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई, जबकि शेष 81 हजार रूपए उन्होंने स्वयं निवेश किए। इसके लिए उन्होंने बैंक से ऋण लिया है, जिसे वे आगामी 3 वर्षों में चुका देंगे।

हितग्राही मिश्रा के अनुसार उनका सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 18 से 19 यूनिट बिजली का उत्पादन कर रहा है, जबकि उनके घर की खपत करीब 10 यूनिट है। इस प्रकार प्रतिदिन 8 से 9 यूनिट अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जा रही है, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी।

इसे भी पढ़ें :-विधानसभाओं के लिए सामान्य निर्वाचन और उपचुनाव 2026 में 1400 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध प्रलोभन सामग्री जब्त

उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी मिलते ही उन्होंने शीघ्र आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही, जिसमें उन्हें केवल एक बार बैंक जाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना पड़ा। शेष प्रक्रिया सहज रूप से पूर्ण हो गई। मिश्रा इस योजना से इतने संतुष्ट हैं कि उन्होंने अपने तीन रिश्तेदारों को भी सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित किया, जिनके घरों में भी अब सोलर पैनल स्थापित हो रहे हैं।

उनका कहना है कि सौर ऊर्जा एक स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ विकल्प है, जिससे न केवल आर्थिक बचत होती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है। प्रवीण कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को अत्यंत लाभकारी एवं जनहितकारी बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here