छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल के बेटे से पूछताछ

0
3
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल के बेटे से पूछताछ

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब और कोल लेवी घोटाले की जांच तेज करते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से लंबी पूछताछ की है।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने रामगोपाल अग्रवाल के पिछले तीन वर्षों के ठिकानों, आर्थिक लेन-देन और कथित नेटवर्क से जुड़े कई सवाल किए है। फिलहाल EOW ने पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। एजेंसी का कहना है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, राम गोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव से सुबह से देर रात तक पूछताछ चली, लेकिन फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। EOW अब रामगोपाल अग्रवाल के संपर्क में रहे लोगों से जानकारी जुटाकर पूरे आर्थिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है।

इसे भी पढ़ें :-जैव विविधता पार्क कांकेर के माकड़ी में औषधिय पौधों का रोपण- पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने की नई पहल

रामगोपाल अग्रवाल का नाम करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले, 450 करोड़ रुपए के कोल लेवी वसूली मामले और 127 करोड़ रुपए के कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले की जांच में सामने आया है। जांच एजेंसियां इन मामलों में कथित धन के प्रवाह, लाभार्थियों और कमीशन के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अग्रवाल करीब तीन साल से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इस दौरान उनके देश और विदेश में होने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। जांच एजेंसियां उनकी लोकेशन और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।

इसे भी पढ़ें :-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 जुलाई को करेंगे डूमरतराई के नवीन थोक बाजार का नामकरण एवं लोकार्पण

इससे पहले इन मामलों में कांग्रेस संगठन से जुड़े कुछ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। ईओडब्ल्यू के सूत्रों के अनुसार रामगोपाल अग्रवाल का प्रदेश में होने का इनपुट मिला है। इसी आधार पर सख्ती शुरू की गई है।

अब पढ़िए क्या है छत्तीसगढ़ शराब घोटाला

छत्तीसगढ़ का कथित शराब घोटाला राज्य के सबसे बड़े आर्थिक मामलों में से एक माना जाता है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की जांच के अनुसार, साल 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित सिंडिकेट बनाकर अवैध शराब की बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए करीब 3,200 करोड़ रुपए का अवैध घोटाला हुआ। मामले में कई आईएएस अधिकारी, आबकारी विभाग के अधिकारी, कारोबारी और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच तथा अदालती प्रक्रिया जारी है।

इसे भी पढ़ें :-पर्यटन के नए दौर की ओर बढ़ा बलौदाबाजार जिला, छुइहा जलाशय से गिरौदपुरी धाम तक होगा व्यापक विकास

अब पढ़ें क्या है छत्तीसगढ़ कोल लेवी घोटाला?

छत्तीसगढ़ का कथित कोल लेवी घोटाला वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन और खनन से जुड़े कारोबार में अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के अनुसार, कोयला परिवहन करने वाले कारोबारियों से प्रति टन तय राशि अवैध रूप से वसूली गई।

जांच एजेंसियों का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपए की अवैध लेवी वसूली गई। मामले में कई आईएएस अधिकारियों, कारोबारियों, बिचौलियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, सभी आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच और सुनवाई जारी है।

इसे भी पढ़ें :-पर्यटन के नए दौर की ओर बढ़ा बलौदाबाजार जिला, छुइहा जलाशय से गिरौदपुरी धाम तक होगा व्यापक विकास

पढ़िए क्या है कस्टम मिलिंग घोटाला?

छत्तीसगढ़ का कथित कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला धान की मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितताओं से जुड़ा मामला है।

आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के अनुसार, वर्ष 2015 से 2023 के बीच प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और उसके भुगतान में नियमों का उल्लंघन कर चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इस प्रक्रिया में करीब 127 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ।

मामले में तत्कालीन अधिकारियों, राइस मिलर्स और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें :-हरी खाद से संवर रही खेतों की सेहत, प्राकृतिक खेती की मिसाल बने किसान नरेंद्र सिंह

ईओडब्ल्यू सूत्रों के अनुसार राम गोपाल अग्रवाल के प्रदेश पहुंचने का हल्ला है। इसी इनपुट के आधार पर बेटे वैभव को पूछताछ के लिए अफसरों ने बुलाया है। वैभव से देर रात तक पूछताछ की गई है।

बुधवार 8 जुलाई को भी उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार रामगोपाल अग्रवाल सरेंडर करने की तैयारी कर रहे है। पूरे मामले में अब तक फिलहाल EOW ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here