मुंगेली : सूबेदार-उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा

0
11
मुंगेली : सूबेदार-उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा

मुंगेली, 09 जुलाई 2026 : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए पंडित ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय एसएनजी महाविद्यालय रायपुर रोड, पीएम बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा में जिले के 01 हजार 96 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रवेश से पूर्व मेटल डिटेक्टर से अनिवार्य जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने परीक्षा की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्र को परीक्षा का नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य जय मंगल सिंह ध्रुव को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश

परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों को कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि पहचान सत्यापन, मेटल डिटेक्टर से जांच एवं अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।

अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र, पारदर्शी बिना लेबल वाली पानी की बोतल, नीले अथवा काले बॉल पेन तथा आवश्यकता होने पर पासपोर्ट साइज फोटो ही साथ ला सकेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किसी भी प्रकार की घड़ी, आभूषण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में पूरी तरह निषिद्ध रहेगी।

अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना भी अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें तथा समय से परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here