दंतेवाड़ा, 10 अगस्त 2026 : कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष देवेश ध्रुव के निर्देशानुसार एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एम. भार्गव के मार्गदर्शन में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा जिले में ’’उल्लास महा-चौपाल’’ का आयोजन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ को शत प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उल्लास कार्यक्रम उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक उम्र के वयस्कों को सशक्त बनाना है, जिन्होने स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं किया है। इस वर्ष 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी के जश्न को साक्षरता से जोड़कर ’’उल्लास महा चौपाल’’ कार्यक्रम किया जायेगा।
जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एम. भार्गव द्वारा उल्लास महा चौपाल को सफल बनाने के लिए विशेष निर्देश दिये साथ ही ’’उल्लास महा चौपाल’’ आयोजन के स्थान का चयन एवं चौपाल की जिम्मेदारियां का वितरण संबंधी विषयो पर चर्चा की गई।
15 अगस्त को ध्वजारोहण के पश्चात् समस्त शिक्षक, विद्यार्थी, एन.सी.सी. एन.एस.एस. और स्काउट गाइड के सदस्य अपने मोबाइल में उल्लास एप डाउनलोड करेंगे तथा अपने परिवार एवं आसपास के समुदाय से न्यूनतम 01 निरक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाने का डिजिटल संकल्प लेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, दंतेवाड़ा प्रमोद ठाकुर ने बताया कि उल्लास महा चौपाल कार्यक्रम के तहत उल्लास साक्षरता मोबाइल टार्च रैली, प्रभात फेरी,, महा- चौपाल और कहानियों का कारवां, उल्लास पंजीकरण शिविर, अंगूठा मुक्त पंचायत, उल्लास खेलकूद एवं सामूहिक उल्लास शपथ कार्यक्रम का आयोजन 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर किया जायेगा।
जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहन्ती ने भी सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों और नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने को कहा है।








