Kondagaon Road Accident : कोंडागांव में नेशनल हाईवे-30 पर बोरगांव पुल के पास सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। ट्रक ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बस-ट्रक की जोरदार टक्कर, यात्रियों में मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, रॉयल यात्री बस जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बोरगांव पुल के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास ने बताया कि हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी को फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है, हालांकि कुछ गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
तेज रफ्तार यात्री बसों पर रोक की मांग
इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार यात्री बसों के संचालन को लेकर लोगों में एक बार फिर नाराजगी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर यात्री बसें अक्सर तेज रफ्तार में दौड़ती हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस से यात्री बसों की नियमित जांच, गति की निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई केवल हादसे के बाद नहीं, बल्कि हादसों को रोकने के लिए पहले से ही की जानी चाहिए।








