जगदलपुर, 24 अगस्त 2026 : शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आड़ावाल जगदलपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिव्यांग विद्यार्थियों के अध्यापन एवं प्रशिक्षण कार्य हेतु 11 अस्थाई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भर्ती के तहत दृष्टि बाधित संवर्ग के उच्च वर्ग शिक्षक के 3 पद, विषय विशेषज्ञ (इतिहास, राजनीति शास्त्र, हिन्दी, अंग्रेजी) के 4 पद और श्रवण बाधित संवर्ग के एकीकृत शिक्षक के 1 पद हेतु प्रतिमाह 15 हजार रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा 12 हजार रुपये मानदेय पर कंप्यूटर प्रशिक्षक व व्यावसायिक सिलाई प्रशिक्षक के एक-एक पद तथा 5 हजार 575 रुपये प्रतिमाह मानदेय पर अंशकालिक संगीत शिक्षक के एक पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उक्त पदो पर भर्ती हेतु आगामी 07 सितम्बर तक आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है।
इसे भी पढ़ें :-चिंतावागु नदी बनी चुनौती तो नगर सेना बनी सहारा, बोट से ग्रामीणों को सुरक्षित कराया पार
भर्ती के लिए 1 जनवरी 2026 की स्थिति में अभ्यर्थियों की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि आरक्षित वर्ग, महिला एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को शासन के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में 45 वर्ष तक छूट दी जाएगी। चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर की जाएगी। जिसमें शिक्षक पदों हेतु 60 प्रतिशत स्नातक व 40 प्रतिशत बीएड, एमएड के अंक तथा प्रशिक्षक पदों हेतु 50 प्रतिशत 12वीं व 50 प्रतिशत तकनीकी डिप्लोमा के अंक शामिल किए जाएंगे।
इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट या व्यक्तिगत रूप से 7 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक कार्यालय अधीक्षक शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उ.मा. विद्यालय आड़ावाल, जगदलपुर पिन-494001 में जमा कर सकते हैं। इसके बाद 8 से 16 सितंबर तक आवेदनों की स्क्रूटिनी कर अनंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी 18 सितंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। जिसके निराकरण के बाद 21 सितंबर को अंतिम चयन सूची का प्रकाशन होगा। विस्तृत जानकारी, नियम एवं आवेदन प्रपत्र बस्तर जिले की वेबसाइट https://bastar.gov.in/ से डाउनलोड किए जा सकते हैं।








