नारायणपुर में 2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन

0
5
नारायणपुर में 2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन

नारायणपुर, 27 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2026 के तहत नारायणपुर जिला मुख्यालय के बालक हाई स्कूल परेड ग्राउंड में 2 नवंबर 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। वनमंडलाधिकारी नारायणपुर को बैरिकेडिंग के लिए आवश्यकतानुसार बांस एवं बल्लियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा मंच, शामियाना, कुर्सियां, बैरिकेडिंग एवं प्रदर्शनी के लिए स्टॉल की व्यवस्था की जाएगी।

इसे भी पढ़ें :-अम्बिकापुर : 27 से 29 अक्टूबर तक आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बारिश की संभावना, प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील

विद्युत एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा जनरेटर की व्यवस्था का दायित्व भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया है।

कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था, आमंत्रण पत्रों का वितरण, विभागीय प्रदर्शनी के लिए स्टॉल आवंटन तथा आमंत्रण पत्रों की छपाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई, नगर सौंदर्यीकरण, अतिथियों के लिए वाहन व्यवस्था, स्मृति चिह्न, फोटोग्राफी एवं प्रदर्शनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसे भी पढ़ें :-कोण्डागांव : 700 ग्राम के नवजात को मिला नया जीवन, 62 दिनों के उपचार से वजन बढ़कर हुआ 1.350 किलोग्राम

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके अंतर्गत महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं की क्षमता एवं विकास से संबंधित गतिविधियों और विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। कलाकारों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग को सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहें।

जिला पंचायत नारायणपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नारायणपुर सुनील कुमार सोनपिपरे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला स्तरीय राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दायित्वों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here