धमतरी : अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर दिव्यांगजनों को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार, 6 नवंबर तक करें आवेदन

0
10
धमतरी : अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर दिव्यांगजनों को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार, 6 नवंबर तक करें आवेदन

धमतरी, 31 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष 3 दिसंबर को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के प्रोत्साहन, सम्मान तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2026 प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए पात्र दिव्यांगजनों, संस्थाओं, नियोक्ताओं एवं जिलों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय पुरस्कार के अंतर्गत सर्वोत्तम दिव्यांग कर्मचारी की विभिन्न श्रेणियों में दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित तथा प्रमस्तिष्क अंगाघात एवं बहुदिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें :-सीएम हेल्पलाइन 1076 पर एक कॉल से रिया को मिला छात्रावास, पढ़ाई को मिली नई राह

इसी तरह दिव्यांगजनों के सर्वोत्तम नियोक्ता तथा दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत सर्वोत्तम स्वैच्छिक संस्थाओं को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। स्वैच्छिक संस्थाओं का चयन दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित तथा प्रमस्तिष्क अंगाघात के क्षेत्र में उनके कार्यों के आधार पर किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के पुनर्वास, बाधारहित वातावरण के निर्माण, शिक्षण-प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अनुरूप सुविधाएं प्रदान करने में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले को भी सर्वोत्तम जिला पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इच्छुक पात्र आवेदक पुरस्कार संबंधी विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग, धमतरी से प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप एवं आवश्यक सत्यापित दस्तावेजों के साथ 6 नवंबर 2026 तक जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग, धमतरी में जमा करना अनिवार्य है।

इसे भी पढ़ें :-कबीरधाम के दिव्यांग तैराकों ने रचा इतिहास, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीते 8 पदक

अपूर्ण आवेदन अथवा बिना सत्यापित दस्तावेजों के प्रस्तुत आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पुरस्कारों के चयन एवं सम्मान के संबंध में अंतिम निर्णय राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा लिया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग, धमतरी। दूरभाष क्रमांक 07722-232711, हेल्पलाइन 155326 एवं टोल फ्री नंबर 1800-233-8989। ई-मेल: dpsw.dhamtari@gmail.com।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here