रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य में अब जनगणना कार्य के लिए सरकारी स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों के अलावा प्राइवेट स्कूल के टीचरों को भी शामिल कर लिया गया है। फरवरी में शुरू होने वाली जनगणना के लिए निजी स्कूलों से शिक्षकों के नाम मांगे गए हैं।
दरअसल दूसरे चरण में करीब 10 हजार अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए सरकारी स्कूल के शिक्षकों की ड्यूटी लगाने से बोर्ड परीक्षाओं का कार्य प्रभावित हो रही थी। स्थिति को देखते हुए अफसरों ने निजी स्कूल के शिक्षकों के सेवाएं लेने का निर्णय लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शिक्षकों की ड्यूटी उनके स्कूल या निवास स्थान को ध्यान में रखकर लगायी जाएगी। यानी या तो उन्हें उस इलाके में जनगणना कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी जहां उनका स्कूल है या उनका निवास है। इससे निजी स्कूल के शिक्षकों को दिक्कत नहीं होगी। अफसरों के अनुसार पहले चरण में केवल बड़े और मंझोले निजी स्कूल से नाम मांगे गए हैं।
उसके बाद भी कमी पड़ी तो छोटे स्कूलों से भी एक-एक, दो-दो टीचरों की सेवाएं ली जा सकती हैं। कुछ जगहों पर निजी स्कूल के शिक्षकों को जनगणना कार्य करने वालों के सहयोगी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और कुछ जगहों पर उन्हें पूरा कार्य सौंपा जाएगा। उन्हें जनगणना कार्य में किसी तरह की दिक्कत ना हो इसके लिए उन्हें ट्रेनिंग भी दी जाएगी।








