धमतरी, 20 नवंबर 2026 : चक्रवात ‘अकवन’ के प्रभाव से जिले में असामयिक वर्षा की संभावना और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपार्जित धान को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने गुरुवार देर शाम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बेमौसम बारिश से धान के भीगने और उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका को गंभीरता से लिया जाए। सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त संख्या में केप कवर, तिरपाल एवं अन्य सुरक्षात्मक सामग्री उपलब्ध रखी जाए।
खुले में रखे धान को व्यवस्थित ढंग से ढंकने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी उपाय तत्काल किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बारिश के चलते अधिकांश केंद्रों में खरीदी प्रभावित
जिले में 20 नवंबर को कुल 108 धान उपार्जन केंद्रों में से 107 केंद्रों में धान खरीदी के लिए टोकन जारी किए गए थे। हालांकि, असामयिक बारिश के कारण खरीदी कार्य प्रभावित हुआ है। आज की स्थिति में केवल तीन उपार्जन केंद्रों आमदी, छाती एवं मगरलोड में ही धान खरीदी जारी है।
शेष केंद्रों में बारिश के कारण खरीदी कार्य एहतियातन बंद रखा गया है। जिन केंद्रों में पर्याप्त शेड एवं सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध है, वहां मौसम और परिस्थितियों के अनुरूप खरीदी कार्य संचालित किए जाने की संभावना है।
अधिकारियों ने केंद्रों में पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में संबंधित अधिकारी विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर धान की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में भटगांव उपार्जन केंद्र में भी अधिकारियों ने पहुंचकर केप कवर, तिरपाल एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
समिति प्रबंधन को खुले में रखे धान को सुरक्षित ढंकने और बारिश के पानी की निकासी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बारिश की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को भटगांव, पोटियाडीह, कोड़ेबोड़ सहित जिले के अधिकांश उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य एहतियातन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
20 नवंबर को विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज वर्षा
जिले में 20 नवंबर 2026 को विभिन्न वर्षामापी केंद्रों में दर्ज वर्षा के अनुसार धमतरी में 4.8 मिलीमीटर, कुरूद में 5.1 मिलीमीटर, मगरलोड में 4.8 मिलीमीटर, नगरी में 5.6 मिलीमीटर, भखारा में 6.6 मिलीमीटर, कुकरेल में 8.0 मिलीमीटर तथा बेलरगांव में 6.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधनों को निर्देशित किया गया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और धान की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
किसानों के हितों और उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएं, ताकि बारिश से किसी भी प्रकार की क्षति न हो। मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होने पर खरीदी कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए भी आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।







