बेमेतरा में अग्निवीर भर्ती को लेकर व्यायाम शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण संपन्न

0
5
बेमेतरा में अग्निवीर भर्ती को लेकर व्यायाम शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण संपन्न

बेमेतरा 29 नवंबर 2026 : जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में आज बालक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा के सभा कक्ष में जिले के समस्त व्यायाम शिक्षकों के लिए अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले के विद्यालयों में अध्ययनरत योग्य एवं इच्छुक छात्र-छात्राओं को भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती होने के अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें इस दिशा में प्रोत्साहित करना है।

भर्ती की हर श्रेणी की दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यशाला में अग्निवीर भर्ती की विभिन्न श्रेणियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क / स्टोर कीपर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन प्रमुख हैं।

प्रत्येक श्रेणी के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवश्यक दस्तावेज एवं भर्ती की पात्रता के बारे में शिक्षकों को अवगत कराया गया। शिक्षकों ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया।

चयन प्रक्रिया को समझाया, CEE से लेकर मेडिकल तक

प्रशिक्षण के दौरान अग्निवीर भर्ती की चयन प्रक्रिया पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। इसमें ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन, ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE), शारीरिक दक्षता परीक्षण, शारीरिक मापदंड, चिकित्सा परीक्षण तथा अंतिम चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

शिक्षकों को बताया गया कि विद्यार्थियों को भर्ती की तैयारी के दौरान शारीरिक दक्षता के साथ-साथ शैक्षणिक ज्ञान पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। केवल दौड़ से चयन नहीं होगा, लिखित परीक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

स्कूलों में बनेगी नियमित शारीरिक प्रशिक्षण की कार्ययोजना

विशेष रूप से विद्यालयों में विद्यार्थियों को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके अंतर्गत दौड़, निर्धारित समय में दौड़ पूरी करने का अभ्यास, शारीरिक सहनशक्ति, संतुलन, लचीलापन एवं अन्य आवश्यक शारीरिक दक्षताओं का अभ्यास कराया जाएगा।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान, गणित, तार्किक क्षमता एवं सामान्य जागरूकता जैसे विषयों का नियमित अभ्यास कराने पर जोर दिया गया।

व्यायाम शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अग्निवीर भर्ती के लिए प्रेरित करें तथा नियमित प्रशिक्षण की व्यवस्था करें।

विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर अभ्यास परीक्षण, शारीरिक दक्षता मूल्यांकन एवं लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु मॉडल प्रश्नपत्रों के माध्यम से अभ्यास कराया जाए, ताकि वे भर्ती प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

अधिकारियों ने कहा, अग्निवीर भर्ती देश सेवा का अवसर है

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री दिनेश शर्मा एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक क्रीड़ा अधिकारी उपेन्द्र सेंगर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अधिकारियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि अग्निवीर भर्ती युवाओं के लिए देश सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यालय स्तर पर ही विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, अनुशासित शारीरिक प्रशिक्षण एवं लिखित परीक्षा की तैयारी उपलब्ध कराई जाए तो जिले के अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने व्यायाम शिक्षकों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने तथा विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सेना में सेवा करने की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

जिले में चलेगा व्यापक जागरूकता अभियान

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के समस्त व्यायाम शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से यह संकल्प लिया गया कि जिले के विद्यालयों में अग्निवीर भर्ती के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा योग्य विद्यार्थियों को शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को भारतीय सेना में सेवा करने के लिए तैयार करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here