सूरजपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से अवैध अतिक्रमण हटाने की अपील, निर्धारित समय-सीमा के बाद होगी कार्रवाई

0
3
सूरजपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से अवैध अतिक्रमण हटाने की अपील, निर्धारित समय-सीमा के बाद होगी कार्रवाई

सूरजपुर/ 29 नवंबर 2026 : नगर पालिका परिषद सूरजपुर क्षेत्रांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 (NH-43) पर सुगम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन द्वारा संबंधित दुकानदारों, व्यापारियों एवं भवन स्वामियों से अवैध अतिक्रमण हटाने की अपील की गई है।

नगर पालिका प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं मकानों के सामने अनधिकृत रूप से रैंप, शेड, स्टील स्ट्रक्चर एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं का निर्माण किया गया है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर स्थायी रूप से ठेले लगाए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन द्वारा संबंधित अतिक्रमण कर्ताओं को पूर्व में नोटिस जारी करने के साथ ही मुनादी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने के लिए सूचित किया गया है। इसके बावजूद अब तक संबंधितों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।

नगर पालिका प्रशासन ने सभी संबंधितों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वेच्छा से अवैध अतिक्रमण हटाने की अपील की है। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्रशासनिक अमले द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमण कर्ताओं की होगी।

नगर पालिका प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here