सूरजपुर/29 नवंबर 2026 : प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेवटी में घायल महिला को उपचार उपलब्ध नहीं होने एवं रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनुपस्थिति के संबंध में विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रकाशित खबर के सबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेवटी में समुचित प्राथमिक उपचार दिया गया था साथ ही बेहतर इलाज के लिए तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार 27 नवंबर 2026 को सिर में चोट लगने से घायल महिला उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेवटी पहुंची थी। स्वास्थ्य केंद्र में महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया।
चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान सिर में चोट की गंभीरता को देखते हुए मरीज को बेहतर एवं समुचित उपचार, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा जांच के लिए तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्था (हायर सेंटर) रेफर किया गया था।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित महिला को स्वास्थ्य केंद्र में उपचार उपलब्ध नहीं कराया गया, यह खबर वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं है। महिला को आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान करने के पश्चात उसकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर किया गया था। मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया है कि कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आम नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है।
किसी भी मरीज की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार एवं आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उसे उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाता है।
उक्त संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजित दीवान ने बताया कि प्रकरण में रात्रिकालीन ड्यूटी रोस्टर, संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








