BIG NEWS: महाराष्ट्र में सरकार गठन में पेच, भाजपा शिंदे को गृह विभाग देने को तैयार नहीं

0
160

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में महायुति की सरकार के गठन में गृह विभाग का पेच फंस गया है। इस कारण नई सरकार के शपथ ग्रहण में देरी हो सकती है। फिलहाल गृह विभाग उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है। लेकिन, नई सरकार में एकनाथ शिंदे गृह विभाग चाहते हैं।

अमित शाह के साथ चली लंबी बैठक में एकनाथ शिंदे को साफ कह दिया गया कि वित्त, गृह और कार्मिक विभाग के अलावा उन्हें कोई भी विभाग दिया जा सकता है। अजित पवार उपमुख्यमंत्री के साथ वित्त विभाग के लिए राजी हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को देर रात तक अमित शाह के साथ चली बैठक में विभागों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार मौजूद थे। बैठक में शिंदे से साफ कह दिया गया कि इस बार मुख्यमंत्री भाजपा का होगा और उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद दिया जाएगा। शिंदे ने उपमुख्यमंत्री का पद लेने की स्थिति में गृह विभाग की शर्त रखी।

शिंदे का कहना था कि उपमुख्यमंत्री के रूप में गृह विभाग देवेंद्र फडणवीस के पास था, उसी तरह उपमुख्यमंत्री के रूप में अब उनके पास होना चाहिए। लेकिन अमित शाह ने इससे साफ मना कर दिया। माना जा रहा था कि मुंबई लौटने के बाद नई सरकार के गठन के लिए महायुति नेताओं की बैठक होगी। लेकिन नाराज एकनाथ शिंदे के अचानक अपने गांव सातारा चले जाने से बैठक टल गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here