BIG NEWS: हरियाणा में सैनी एवं अन्य नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी गई

0
229

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य नवनिर्वाचित विधायकों को यहां शुक्रवार को 15वीं राज्य विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलायी गई। प्रोटेम स्पीकर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह कादियान ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी।

पंचकूला में 17 अक्टूबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सैनी पहले व्यक्ति थे जिन्हें प्रोटेम स्पीकर ने शपथ दिलायी। सैनी के बाद, उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों – अंबाला कैंट से सात बार के विधायक अनिल विज, इसराना विधायक कृष्ण लाल पंवार, बादशाहपुर विधायक राव नरबीर सिंह, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, फरीदाबाद विधायक विपुल गोयल, गोहाना विधायक अरंिवद शर्मा और रादौर विधायक श्याम सिंह राणा को प्रोटेम स्पीकर ने शपथ दिलायी।

मंत्रियों में बरवाला विधायक रणबीर गंगवा, नरवाना विधायक कृष्ण कुमार बेदी, तोशाम विधायक श्रुति चौधरी, अटेली विधायक आरती सिंह राव, तिगांव विधायक राजेश नागर और पलवल विधायक गौरव गौतम को शपथ दिलायी गयी।

बेदी ने संस्कृत में शपथ ली, जबकि चौधरी ने अंग्रेजी में शपथ ली। मंत्रिपरिषद के बाद महिला विधायकों को शपथ दिलायी गई। इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बिमला चौधरी, कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, भाजपा विधायक कृष्णा गहलावत, कांग्रेस विधायक मंजू चौधरी, कांग्रेस विधायक पूजा, निर्दलीय विधायक सावित्री ंिजदल, भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा, कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक और कांग्रेस विधायक एवं ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट शामिल थीं।

खेल जर्सी पहने फोगाट ने शपथ लेने के बाद ‘जय जवान, जय किसान, जय खिलाड़ी, जय नौजवान और जय हरियाणा’ कहा। विधायकों द्वारा शपथ लेना अभी भी जारी है। निर्मल सिंह, घनश्याम सर्राफ, कपूर सिंह, सतपाल सांगवान समेत विधायकों को भी शपथ दिलायी गई।

पांच अक्टूबर को हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा 48 ने सीट जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की, जबकि कांग्रेस ने 37 सीट जीतीं। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने दो सीट जीतीं और तीन निर्दलीय भी निर्वाचित हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here