बलरामपुर : यूपी के बलरामपुर में ट्रक की टक्कर के बाद बस में आग लग गई। 3 लोग जिंदा जल गए और 24 झुलस गए। इनमें 6 की हालत गंभीर है। बस (UP 22 AT 0245) नेपाल बॉर्डर के पास सुनौली से रवाना हुई थी और दिल्ली जा रही थी।
बस में 45 यात्री सवार थे। अधिकांश नेपाल के थे। बस के चालक और कंडक्टर का अब तक पता नहीं चल पाया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस घिसटती हुई 100 मीटर दूर हाईटेंशन लाइन वाले बिजली के खंभे से टकरा गई। खंभा टूटकर बस पर गिर गया। बस में करंट दौड़ गया। शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।
इसे भी पढ़ें :-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने की सौजन्य भेंट
देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। यात्री अंदर ही फंस गए। जान बचाने के लिए शीशा तोड़कर बाहर कूदने लगे। मौके पर चीख पुकार मच गई। किसी तरह बाहर निकले यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आग बुझाने का काम शुरू किया। फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ज्यादातर यात्री किसी तरह बस से बाहर आ गए। लेकिन, कुछ अंदर ही फंसे रहे। बाद में बस से 3 लाशें बरामद हुईं। इनमें 2 बुरी तरह से जल चुकी थीं।
इसे भी पढ़ें :-अम्बिकापुर : अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की लगी ड्यूटी
उन्होंने बताया कि ट्रक (UP 21 DT 5237) में गर्म कपड़े लदे थे। इस वजह से ट्रक में भी आग लग गई। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर सोमवार देर रात ढाई बजे के आसपास हुआ।








