CG Legislative Assembly election 2023: भाजपा और कांग्रेस अभी से तैयारियों में जुटी…

0
251

रायपुर: चुनाव भले ही 14 महीने बाद है, लेकिन छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस ने चुनावी बिगुल बजा दिया है। दोनों ही पार्टियां अभी से तैयारियों में जुट गई है। पिछले दो महीने में भाजपा दो बड़े प्रदर्शन कर चुकी है। वहीं कांग्रेस के प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी हारी हुई सीटों की समीक्षा करने विधानसभा क्षेत्रों के दौरे कर रहे हैं। इस क्रम में कांग्रेस आज एक बड़ी बैठक करने जा रही है। इसमें दो अक्टूबर से बूथस्तर पर पदयात्रा की प्लानिंग की जाएगी।

वहीं भाजपा ने भी 6 अक्टूबर को चुनावी एक्शन प्लान पर मंथन करने जा रही है। बताया जा रहा है कि बैठक शहर से दूर धमतरी जिले में स्थित गंगरेल में होने जा रही है। इसमें भाजपा के चुनावी रणनीतिकार राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ ही नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन भी होंगे।

भाजपा तैयार करेगी 2023 की जीत का ब्लूप्रिंट
भाजपा की इस गोपनीय बैठक में पार्टी के अगले तीन महीने की कार्ययोजना बनेगी। किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाना है। इस पर भी मंथन होगा। प्रदेश के वे बडे़ मुद्दे जो कांग्रेस द्वारा जन घोषणा पत्र में तो शामिल किए गए, लेकिन सरकार इसे पूरा नहीं कर पाई। बताया जा रहा है कि बैठक में प्रदेश के केवल 20-25 वरिष्ठ नेता ही शामिल होंगे। इसमें भाजपा के कोर ग्रुप के नेताओं के साथ ही प्रदेश कार्यसमिति व प्रदेश पदाधिकारी में से चुनिंदा नेताओं को बुलाया गया है।

साव और चंदेल ने आदिवासी इलाकों से लिया फीडबैक
प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के कामकाज संभालने के बाद से पार्टी तेजी से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की मुहिम में जुटी हुई है। पिछले दो माह में पार्टी ने दो बड़े कार्यक्रम करके चुनावी आगाज कर दिया है। पहले बेरोजगारी के मुद्दों पर प्रदेश भर के युवाओं को राजधानी की सड़कों पर उतारकर साव ने युवाओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश की। इसके बाद साइंस कालेज मैदान में कार्यकर्ताओं के हुजूम को बुलाकर शक्ति प्रदर्शन किया। बाद में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here