दुर्ग: पुलिस ने लुटेरी दुल्हन के फर्जी भाई को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दरअसल, युवती ने लड़कों से शादी करती थी, फिर महंगे सामान लूटकर फरार हो जाती थी। फर्जी केस में फंसाने की धमकी देती थी। ऐसी ही दोबारा की। एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि, आपापुरा शनिचरी बाजार निवासी व्यापारी संतोष जैन की शिकायत पर कोतवाली थाने में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। संतोष ने बताया कि, उसके पिता उसकी शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। इसकी जानकारी लगने पर ठगों ने मिलकर उन्हें ठगने का प्लान बनाया।
महिला ने फर्जी भाई से मिलवाया
उन लोगों से सरला जैन नाम की एक महिला ने संपर्क किया। उसने खुद को इंदौर से होना बताया। उसने बताया कि, उसके पास एक अच्छा रिश्ता है। उसने दुल्हन के फर्जी भाई को उनसे मिलवाया। दोनों पक्ष में रिश्ता तय हो गया, तो 17 मार्च 2023 को संतोष जैन का विवाह पूरे रीति रिवाज के साथ भारती जैन नाम की लड़की से हुआ।
शादी के बाद महंगे डिमांड करने लगी
शादी के दो-तीन दिन बाद से ही लुटेरी दुल्हन ने महंगे सामानों की डिमांड करनी शुरू कर दी। संतोष के परिवार वालों ने भारती की डिमांड को पूरा किया, लेकिन धीरे-धीरे उसकी डिमांड बढ़ने लगी। इसे लेकर भारती का ससुराल वालों से विवाद भी शुरू होने लगे।
पहले भी कर चुकी थी शादी
इसके बाद मामला बढ़ने पर उन्होंने इसकी शिकायत 16 जून 2023 को कोतवाली थाने में की थी। इस बीच लड़के के परिवार वालों को लड़की पर संदेह हुआ तो उन्होंने उससे उसके परिवार वालों का नाम, आधार और आईडी मांगा। इस पर भारती ने कुछ दिन तक टालमटोल किया, लेकिन जब संतोष के घर वाले नहीं माने तो उसने उन्हें धमकी देना शुरू कर दिया। भारती ने उन्हें दहेज के केस में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान संतोष जैन को पता चला कि, भारती ने कुछ दिन पहले ही एक दूसरे लड़के से शादी की थी। इससे उन्हें एक बच्ची भी हुई। लेकिन भारती ने उन्हें भी लूटा और तलाक देकर अलग हो गई।
सभी आरोपियों ने छिपाई थी अपनी असली पहचान
दुर्ग पुलिस ने बताया कि, मामले में जितने भी लोग शामिल थे, सभी ने अपनी असली पहचान छिपाई थी। दुल्हन का कथित भाई का नाम संतोष शर्मा है, जबकि उसने अपनी पहचान छिपाकर खुद को संतोष जैन बताया। इसी तरह लुटेरी दुल्हन का असली नाम भारती नरगावेप था। जिस महिला एजेंट ने सरला जैन बनकर शादी तय कराई उसका असली नाम सरला जाधव उर्फ हर्षा है, वो इंदौर की दलाल है। वहीं, लड़की के रिश्तेदार महावीर गांधी का असली नाम शिवराज जाधव है।
पहचान उजागर होते ही दुल्हन फरार
घरवालों ने बताया कि, उन्होंने भारती से कुलदेवी पूजा में जाने के लिए टिकट के लिए सभी रिश्तेदारों का आधार कार्ड मांगा था। इस पर वो उनसे विवाद करने लगी। जब उसके बारे में पता किया और उसकी पहचान सामने आई, तो घर से सामान और कैश लेकर भाग गई।