नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम इंडिया की कई कमजोरियां खुलकर सामने आ गईं. तेज और उछाल भरी पिच पर भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और साथ ही बीच के ओवर में गेंदबाज विकेट नहीं निकाल पाए. इस हार के अलावा भारत को इस मैच में एक और झटका लगा.
विकेटकीपर और मैच फिनिशिर दिनेश कार्तिक कमर में दर्द के चलते बीच मैच में ही विकेटकीपिंग छोड़कर चले गए. कार्तिक के चोटिल होने के बाद बाकी बचे मैच में ऋषभ पंत ने विकेटकीपिंग की. कार्तिक की चोट कितनी गंभीर है, इस बारे में अभी तक कुछ सामने नहीं आया है लेकिन, एक बात तय है कि अगर कार्तिक फिट नहीं होते हैं तो बांग्लादेश के खिलाफ पंत को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलना तय है.
कार्तिक का टी20 वर्ल्ड कप में अब तक प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका बल्ला खामोश रहा. पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 1 रन तो दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वो 15 गेंद खेलने के बाद 6 रन ही बना पाए. वहीं, विकेट के पीछे भी उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है. यही वजह है कि अब उनके स्थान पर पंत को मौका दिए जाने की बातें उठनी लगी है. इसमें एक नाम पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का है. उन्होंने कार्तिक के सेलेक्शन पर सवाल खड़े किए हैं.
पंत को प्लेइंग-XI में रखना चाहिए था: सहवाग
क्रिकबज पर पोस्ट मैच शो के दौरान, भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग से पूछा गया कि क्या कार्तिक की चोट के बाद भारत को अपनी योजनाओं में बदलाव की जरूरत है. सहवाग ने कहा कि भारत को पंत को पहले ही फर्स्ट चॉइस प्लेइंग-XI में रखना चाहिए था.
‘पंत ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा था’
सहवाग ने कहा, ‘ये तो पहले दिन से होना चाहिए था. पंत वहां टेस्ट क्रिकेट खेले हैं, वनडे खेले हैं और अच्छा प्रदर्शन किया है. दिनेश कार्तिक कब ऑस्ट्रेलिया में खेले हैं? ये कोई बैंगलोर का विकेट नहीं है. मैं आज भी ये ही कह रहा था कि हुड्डा की जग पंत को खिलाते, उनको ऑस्ट्रेलिया में खेलने का अनुभव है. उन्होंने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा है.’








