फाइलेरिया उन्मूलन महाभियान : कलेक्टर लंगेह ने दवा खिलाकर किया शुभारंभ

0
33
फाइलेरिया उन्मूलन महाभियान : कलेक्टर लंगेह ने दवा खिलाकर किया शुभारंभ

महासमुन्द 11 फरवरी 2026 : जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) महाभियान का शुभारंभ मंगलवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महासमुन्द में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर विनय कुमार ने हितग्राही चमेली निर्मलकर एवं अमावती ठाकुर को अपने हाथों से फाइलेरिया रोधी एल्बेन्डाजोल एवं डीईसी की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा आमजन को नियमित दवा सेवन के लिए प्रेरित किया।

यह महाभियान जिले में 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराएगी तथा उन्हें बीमारी से बचाव एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करेगी।

इसे भी पढ़ें :-सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड में जिला समन्वयक पदों पर भर्ती

इस अवसर पर कलेक्टर लंगेह ने कहा कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दवा सेवन एवं जनजागरूकता के माध्यम से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की जा रही दवाओं का अनिवार्य रूप से सेवन करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि महासमुन्द जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक दवा पहुंचे और कोई भी इससे वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य अमला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि फाइलेरिया शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करने वाली बीमारी है, जो लंबे समय में हाथ-पैर अथवा शरीर के अन्य अंगों में असामान्य सूजन (हाथीपांव) का कारण बनती है। इससे पीड़ित व्यक्ति को बार-बार बुखार, सूजन एवं दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यह बीमारी मच्छरों के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलती है।

इसे भी पढ़ें :-पशुपालन योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय दल

जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे ने जानकारी दी कि अभियान के प्रारंभिक दिनों में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। जिला नोडल अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें तथा स्वयं एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा अवश्य सेवन कराएं।

उन्होंने बताया कि फाइलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सामूहिक दवा सेवन, मच्छरों से बचाव एवं स्वच्छता बनाए रखना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की जा रही दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा चिकित्सकीय निर्देशानुसार सेवन करने से बीमारी की रोकथाम संभव है। कार्यक्रम में जायति, यशवंत साहू, दीपक तिवारी, राहुल, एकेश्वर सहित मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here