गौरेला पेंड्रा मरवाही, 7 मार्च 2026 : राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 22 मार्च को राष्ट्रव्यापी महा परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार जिले में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकेश रावटे और जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पेंड्रा में आयोजित बैठक में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वय एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले को प्रदाय किये गए लक्ष्य के अनुसार शिक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित कराकर जिले को शत प्रतिशत साक्षर बनाने की दिशा में वातावरण निर्माण, दीवार लेखन एवं बैग़लेस डे के दिन रैली का आयोजन किया जाये। इसे सफल बनाने हेतु ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, पालकों, समाज सेवकों से सहयोग लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश रावटे द्वारा सभी को संबोधित करते हुए 22 मार्च की परीक्षा में शिक्षार्थियों को सम्मिलित कराकर जिले को निरक्षरता रूपी अभिशाप से मुक्त करते हुए पूर्ण साक्षर घोषित करने की दिशा में प्रयास सुनिश्चित करने की अपील की। सभी इस पुनीत कार्य में हिस्सेदार बने, जन जन को आगे बढ़ाए इस उद्देश्य से इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा आगामी 22 मार्च को आयोजित महा परीक्षा अभियान में ज्यादातर शिक्षार्थियों को आकलन परीक्षा केंद्र में उपस्थिति हेतु ग्रामों में वातावरण बनाने का आह्वान किया। उनके द्वारा आज ग्राम प्रभारियों, सीएसी की ग्राम पंचायत वार समीक्षा कर योजना को शत प्रतिशत सफल करने का निर्देश दिया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी को उल्लास साक्षरता की शपथ दिलाई।








