इंदौर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश के मालवा से बीजेपी के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। उन्होंने रविवार को इंदौर में भारतीय जनता पार्टी के विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कार्यकर्ताओं को 2023 और 2024 के चुनावी जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह ने पूर्व सीएम कमलनाथ को करप्शन नाथ और दिग्विजय सिंह को श्रीमान बंटाधार कहकर संबोधित किया।
इंदौर में विधानसभा नंबर दो स्थित कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा धारा 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह सालों तक पाल रखा था। पीएम मोदी ने धारा 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है। मोदी की सरकार आने पर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों की धज्जियां उड़ाने का काम हमारी सेना ने किया है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने देवी अहिल्या को प्रणाम कर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या बाई ने गुलामी के अवशेष को मिटाने की पहल की थी। जिसे हमारे नेता पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे है। पीएम मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने का काम किया है। वे कहीं भी जाए लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। ये नारे मोदी के लिए नहीं, वो बीजेपी के लिए नहीं, बल्कि भारत की एक सौ तीस करोड़ जनता के सम्मान में नारे लग रहे हैं।
यह भी पढ़ें :-जशपुरनगर : रोका-छेका अभियान के तहत गौठानों में पशु स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
कांग्रेस और यूपीए के सभी दल धारा 370 हटाने का विरोध करते थे।
अमित शाह ने विपक्षी एकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ये लोग धारा 370 खत्म खरने का विरोध करते थे। ये नाम बदले तो भी कोई इन्हें वोट देगा क्या?
अयोध्या में राम लला टेंट में विराजमान थे। कांग्रेस मंदिर के काम को लटका रही थी। कोर्ट के फैसले के बाद मोदी जी ने राम मंदिर का भूमि पूजन कर दिया। अहिल्या बाई होलकर के बाद धार्मिक स्थलों का कायाकल्प करने का काम पीएम मोदी ने किया है।
शाह ने कमलनाथ को करप्शननाथ और दिग्विजय सिंह को बंटाधार कहकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार डेढ़ साल चली। हमारे शिवराज सिंह ने जो योजनाएं शुरू की थी, उन्हें कमलनाथ ने बंद कर दी थी। योजनाओं का पैसा खाने के लिए उन्हें बद कर दिया। शाह ने कहा कि वो एक भी इंडस्ट्री भी नहीं लाए। लेकिन ट्रांसफर इंडस्ट्री जरूर लागू कर दी। उन्होंने डेढ़ साल के अंदर बंटाधार का शासन याद दिलाने का काम किया।
शाह ने कहा कि कमलनाथ ने किसान सम्मान निधि योजना में किसानों के नाम नहीं भेजे। शिवराज सिंह के सीएम बनते ही उन्होंने किसानों के नाम भेज दिए। आज किसानों को सम्मान निधि का पैसा मिल रहा है।
बीजेपी को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता जीता सकता है। आज यहां से संकल्प लेकर जाना है कि प्रचंड बहुमत के साथ 2023 में भाजपा की सरकार बनाना है। और 2024 में लोकसभा की एमपी की सभी 29 सीटें जीतकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।