झारखंड कुआं हादसा: दो शव बरामद, तीन लोग अब भी फंसे…

Must Read

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के एक गांव में बृहस्पतिवार को कुएं का एक हिस्सा ढह जाने के बाद कुएं से दो शव निकाले गए। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि बृहस्पतिवार को पिस्का गांव में एक कुएं का एक हिस्सा धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई।

सोरेन ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पिस्का गांव में एक कुएं में पांच लोगों की मौत से मेरा हृदय द्रवित है। भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और शोक-संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी को सहने की क्षमता दे।’’ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों ने कहा कि अभी मृतकों की संख्या के बारे में पता नहीं है, बचाव अभियान जारी है।

रांची के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एच बी जामा ने बताया, ‘‘ यह घटना अपराह्न में एक पशु के कुएं में गिर जाने के बाद हुई। पशु को बचाने की कोशिश में नौ लोग कुएं के अंदर गए, तभी कुएं का एक हिस्सा धंस गया। एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘ अब तक दो शव बरामद किये जा चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार को एक शव बरामद किया था, जबकि एक शव यहां अभियान के दौरान बरामद किया गया। तीन और लोग अब भी कुएं के अंदर फंसे हुए हैं, उन्हें बचाने के लिए प्रयास जारी है। कुएं में गिरे बैल के शव को भी निकाल लिया गया है।’’ उन्होंने कहा,‘‘ यह कुआं बड़े पत्थरों से बना था और पत्थरों को हटाने में हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए हम अभी यह नहीं बता सकते कि यह बचाव अभियान कितना लंबा चलेगा।’’

- Advertisement -

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

spot_img

More Articles