रायपुर: मोवा के दलदलसिवनी में अपने ऊपर हुए हमले का बदला लेने दो युवकों का मर्डर कराने वाली वृद्धि साहू को पुलिस ने 7 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले भी कई अपराधिक मामलों में जेल जा चुकी है।
बता दें कि 16 जनवरी की रात दलदलसिवनी में शिवाजी नगर निवासी गोकुल निषाद और जितेंद्र डहरिया की गोकुलनंदन साहू व उसके साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। चाकूबाजी के दौरान गोकुलनंदन भी घायल हो गया। वह अस्पताल में भर्ती है। पूरी घटना का मास्टरमाइंड पुलिस ने वृद्धि साहू को माना है। उसके कहने पर ही गोकुलनंदन और उसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
दरअसल में वृद्धि पर करीब 2 माह पहले शिवाजी नगर में युवराज सिंह, सुरेश चौरे और उसके साथियों ने हमला किया था। मृतक गोकुल और जितेंद्र भी युवराज गैंग में थे। इसी का बदला लेने के लिए गोकुलनंदन साहू व अन्य से मृतकों पर हमला करवाया था।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्ष के 12 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। घटना के बाद से वृद्धि फरार चल रही थी। पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। इस बीच सोमवार को उसका पता चला, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वृद्धि पहले भी अपराधिक कृत्यों के चलते जेल जा चुकी है। आजादचौक में अपहरण और आईटी एक्ट के मामले में दो बार जेल जा चुकी है। आरोपी कई नाबालिगों को अपने साथ रखती है। उन्हें नशे की गोलियां, गांजा जैसे मादक पदार्थ की सप्लाई करती है। वृद्धि के साथ रहने वाला एक नाबालिग भी फरार है। वह भी आदतन बदमाश है।