छत्तीसगढ़ के धमतरी में फैंसी स्टोर चलाने वाली महिला के साथ ठगी हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार होकर 2 युवक उसके दुकान में पहुंचे थे। कहा था कि हमारे पास फैंसी स्टोर का बहुत सारा सामान है। हम सस्ते में दे देंगे। इसके बाद महिला उन दोनों के झांसे में आ गई थी। झांसे में आकर उसने दोनों आरोपियों को पैसे भी दे दिए थे। मगर बाद में पता चला कि सामान ही पूरा नहीं है। जिसके बाद मामले की पुलिस से शिकायत की गई थी। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दानीटोला निवासी तामेश्वरी साहू ने इस मामले में शिकायत की थी। अपनी शिकायत में तामेश्वरी ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले ही कर्मा चौक में फैंसी स्टोर खोला है। जिसे वो अपनी सांस के साथ मिलकर चलाती है। उसने बताया कि 03 मार्च को उसके दुकान में 2 युवक आए थे। उन दोनों ने तामेश्वरी को बताया था कि वो फैंसी स्टोर का सामान बेचते हैं। वे जगह-जगह जाकर सेल लगाने का काम करते हैं।
1560 नग सामान खरीदने का सौदा तय हुआ
उन दोनों ने बताया कि अभी भी उनके पास कार में फैंसी स्टोर का 1560 नग सामान है। जो प्रति नग 60 रुपए के हिसाब से वे बेचेंगे। इसके बाद दोनों ने अपना नाम आशिक अली और मोहम्मद अहसान बताया। फिर कहा कि यदि लेना होतो सामान खाली कर देते हैं। दाम सुनकर तामेश्वरी इन दोनों की बातों में आ गई और दोनों पक्षों ने 93 हजार 600 रुपए में सौदा तय कर लिया। वहीं सामान को तामेश्वरी ने अपने घर में खाली करवा लिया। इसके बाद तामेश्वरी ने दोनों को 70 हजार रुपए कैश दे दिए। बाकी के पैसे उसने किश्त में देने के लिए कहा था। पैसे लेने के बाद दोनों मौके से भाग निकले।
मिलान करने पर निकला केवल 230 नग सामान
इधर, सामान देने के बाद दोनों जा चुके थे। वहीं तामेश्वरी के घर में जब सब आ गए तो उसने पूरे सामान का मिलान किया तो वह सिर्फ 240 नग ही निकला। इस पर उसने दोनों आरोपियों को फोन लगाया। मगर उनका फोन कुछ देर चालू बताने के बाद बंद आने लगा। काफी प्रयास करने के बाद जब बात नहीं बनी तब उसने पूरे मामले कि शिकायत थाने में दर्ज कराई।
उत्तरप्रदेश भागने से पहले पकड़े गए
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। तलाश करने और मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि दोनों रायपुर की तरफ गए हैं। इसके बाद दोनों का लोकेशन रायपुर बस स्टैंड मिला। लोकेशन मिलते ही पुलिस ने रायपुर बस स्टैंड के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने बताया कि वे यहां से उत्तर प्रदेश अपने घर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 63 हजार कैश और 2 मोबाइल जब्त किया है। दोनों उत्तरप्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले हैं।