श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से सुरक्षाबलों ने आतंकी मंसूबों को नाकाम कर दिया है. सुरक्षा बलों को बांदीपोरा रोड के पास अहस्टिंगो इलाके में एक आईईडी (IED) मिला. बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आतंकियों ने इस आईईडी विस्फोटक को प्लांट किया था, ताकि जब भारतीय जवान इस रास्ते से गुजरे तो विस्फोट किया जा सके. हालांकि, सुरक्षाबलों की मुस्तैदी ने आतंकियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और आईईडी का पता चल गया.
जैसे ही सुरक्षाबलों को आईईडी विस्फोटक की जानकारी मिली, तुरंत उस आईईडी को डिफ्यूज करने और उसे पूरी तरह से नष्ट करने के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बडियारा और कानबठी गांवों के बीच बांदीपोरा-सोपोर सड़क के पास मिले आईईडी को निष्किय किया. समाचार एजेंसी एएनआई ने इसका वीडियो जारी किया है, जिसमें इसका नजारा देखा जा सकता है.
दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब आतंकियों ने आईईडी प्लांट किया है, बल्कि इससे पहले भी कई बार सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए ये दहशतगर्द ऐसा कर चुके हैं. बीते दिनों ही गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सुरक्षा बलों ने जंगल में एक बैग में दबाकर रखे गये तीन आईईडी विस्फोटक बरामद किए थे. इस तरह सुरक्षाबलों ने आंतकियों के संभावित विस्फोट के मंसूबों को नाकाम कर दिया था.








