एमसीबी/21 जून 2025 : चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के बीच बहुप्रतीक्षित साजा पहाड़ मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य का सपना आखिरकार साकार होने की दिशा में अग्रसर हो गया है। वर्षों की प्रतीक्षा, संघर्ष और जनभावनाओं के सम्मान में 21 जून को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन समारोह मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के केराडोल पोड़ी, चिरमिरी में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल रहे,
जिनके अथक प्रयासों से यह ऐतिहासिक कार्य धरातल पर उतर सका। लोक निर्माण विभाग संभाग मनेंद्रगढ़ द्वारा स्वीकृत इस परियोजना के अंतर्गत 4056.64 लाख रुपये की लागत से 17.40 किमी लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण और उन्नयन किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर, जनपद प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, वरिष्ठ नागरिक, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
इसे भी पढ़ें :-’योग स्वस्थ समाज का आधार है, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं – वनमंत्री केदार कश्यप’
करीब दो दशक से चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के नागरिक इस सड़क के समुचित निर्माण की मांग कर रहे थे, किंतु राजनीतिक अस्थिरता और इच्छाशक्ति के अभाव के कारण यह परियोजना वर्षों तक अधूरी पड़ी रही। अपने पूर्व कार्यकाल में विधायक रहते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मार्ग पर डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कराया था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के कारण चौड़ीकरण कार्य मात्र 4 से 5 किमी तक ही सीमित रह गया।
कांग्रेस शासनकाल के दौरान यह मुद्दा दरकिनार होता रहा, परंतु 2023 में भाजपा सरकार के पुनः गठन और श्याम बिहारी जायसवाल के पुनः विधायक निर्वाचित होने के बाद इस अधूरी परियोजना को फिर से प्राथमिकता में लेते हुए करोड़ों की राशि स्वीकृत कराई गई।
इसे भी पढ़ें :-महासमुंद : अवैध रेत उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई, 2 जेसीबी लोडर और 2 हाइवा वाहन जप्त
यह सड़क केवल दो शहरों को जोड़ने का कार्य नहीं करेगी, बल्कि यह व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन की दृष्टि से भी एक नई गति प्रदान करेगी। पहले जहां छोटा नागपुर होकर करीब 36 किमी की कठिन और असुरक्षित दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब यह डबल लेन सड़क दोनों शहरों को केवल दूरी में ही नहीं, बल्कि समय और सुविधा के स्तर पर भी करीब लाएगी।
यह मार्ग रात्रिकालीन यातायात को भी सुरक्षित बनाएगा और आकस्मिक दुर्घटनाओं की आशंका को कम करेगा। सड़क निर्माण के बाद आसपास के दर्जनों गांवों को भी सीधा लाभ मिलेगा। लोग बेहतर बाजार, अस्पताल, स्कूल और कार्यालय तक अब अधिक सहजता से पहुंच सकेंगे। व्यापारियों का कहना है कि इससे माल ढुलाई में समय और लागत दोनों की बचत होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियाँ तेज़ होंगी।
इस महत्वपूर्ण पहल पर चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के नागरिकों ने विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्हें दिल से बधाई दी है।
इसे भी पढ़ें :-महासमुंद : अवैध रेत उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई, 2 जेसीबी लोडर और 2 हाइवा वाहन जप्त
इस भूमिपूजन के अवसर पर सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, जनप्रतिनिधि नरेंद्र साहू, एमआईसी सदस्य बब्लू डे, पूर्व महापौर डमरू बेहरा, जिला महामंत्री राम लखन सिंह, मंडल महामंत्री रीत जैन, धर्मेंद्र त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि राजू नाहक, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा सहित जनप्रतिनिधि अशोक कलशा, विरेंद्र सिंह राणा, आयुद्दीन सिद्दीकी, इंदु पनेरिया, द्वारका जायसवाल सहित समस्त जनप्रतिनिधि, एसडीएम विजयेन्द्र सिंह सारथी के साथ अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








