रायपुर: छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर जारी है, हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान बढ़ने के आसार हैं। मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहा। पूर्वी छत्तीसगढ़ में कहीं कहीं शीतलहर दर्ज की गई तो पश्चिमी छत्तीसगढ़ में कहीं कहीं ‘शीत दिवस’ दर्ज किया गया।
इसके अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत? शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 13-14 फरवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश की संभावना काफी कम है।
आगामी दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज होने से पाला जमने की संभावना नहीं है।