उदयपुर : उदयपुर के पास देर रात 70 साल के बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले के दौरान तेंदुए ने बुजुर्ग फतह सिंह की गर्दन मोड़ दी। फिर बाएं पैर पर काट खाया। पेट की आंतें बाहर निकाल दीं। इससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना पालड़ी गांव की है।
जानकारी अनुसार, मृतक फतह सिंह के घर के पीछे ही खेत है। शनिवार को पूरा परिवार खेत पर गेहूं की फसल निकालने में जुटा था। शाम को परिवार के बाकी सदस्य गेहूं घर पहुंचा रहे थे। फतह सिंह अकेले खेत पर रखवाली कर रहे थे। इसी बीच शनिवार रात को तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। परिवार के सदस्य घर पर गेहूं रखकर लौटे तो बुजुर्ग खेत पर नहीं थे। उनकी पगड़ी खेत में पड़ी मिली।
यह भी पढ़ें:-सीएम बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार मोहन साहू के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया
अनहोनी की आशंका पर परिवार वाले घबरा गए। चिल्लाते हुए आवाज देने लगे। कोई जवाब नहीं मिला। फिर सभी ने टॉर्च की रोशनी से तलाश शुरू की। खेत से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में बुजुर्ग का शव पड़ा मिला।
यह भी पढ़ें:-स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने ‘अनमोल जीवन’ पत्रिका का किया विमोचन
क्षत.विक्षत शव देख परिवार में कोहराम मच गया। आवाज सुन आस.पड़ोस के लोग भी भागते हुए मौके पर पहुंचे। लोगों ने पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास और पुलिस को सूचना दी। व्यास कुछ ही देर में मौके पर एंबुलेंस के साथ पहुंचे। बुजुर्ग को एमबी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रविवार को किया गया। वहीं, रविवार को मृतक के परिजन एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी के शव के पोस्टमार्टम दौरान मुआवजा और परिवार में एक को नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।