नई दिल्ली: ऑक्सफॉर्ड यूनिवर्सिटी और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे दुनिया के नामचीन शिक्षण संस्थानों से शिक्षा हासिल करने वाले ऋषि सुनक ब्रिटेन के भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे. ब्रिटेन के नेतृत्व के लिए ऐतिहासिक दौड़ में कंजरवेटिव पार्टी का नया नेता चुने गये ऋषि सुनक आज यानी मंगलवार को महाराजा चार्ल्स तृतीय से मिलकर शाम तक देश के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे. अब जब ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने को तैयार हैं, ऐसे में यूके के सियासी गलियारों में इस बात को लेकर हलचल तेज है कि सुनक कैबिनेट में किसे जगह मिलेगी और किसे नहीं. यह उम्मीद जताई जा रही है कि कैबिनेट गठन में सुनक, लिज ट्रस वाली गलती नहीं दोहराएंगे, जहां उन्होंने सरकार में अपने वफादारों की पूरी फौज खड़ी कर दी थी.
अंग्रेजी वेबसाइट ‘द सन यूके’ की खबर की मानें तो ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ब्रिटेन के रक्षा सचिव बेन वालेस की छुट्टी हो सकती है. इतना ही नहीं, जैकब रीस-मॉग, वेंडी मॉर्टन और रानील जयवर्दना भी सुनक कैबिनेट में जगह बनाने में असफल रह सकते हैं. माना जा रहा है कि ऋषि सुनक द्वारा बर्खास्त होने वालों में जैकब रीस-मॉग हिटलिस्ट में हैं. ऋषि सुनक अपने कुछ वफादारों को भी कैबिनेट में शामिल कर सकते हैं.
रिपोर्ट की मानें तो ऋषि सुनक कैबिनेट में डोमिनिक रैब शामिल हो सकते हैं. जेरेमी हंट के भी चांसलर बने रहने की संभावना है. इसके अलावा, माना जा रहा है कि सुनक के वफादारों में शामिल साजिद जाविद, मेल स्ट्राइड और जॉन ग्लेन भी कैबिनेट में शामिल किए जा सकते हैं. पेनी मोर्डंट को भी सुनक कैबिनेट में जगह दी जा सकती है. साथ ही पूर्व स्वास्थ्य सचिव मैट हैनकॉक की भी वापसी हो सकती है. माना जा रहा है कि मंगलवार दोपहर के बाद यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि सुनक कैबिनेट में कौन रहेगा और कौन बाहर का रास्ता देखेगा.
रेस जीतने के बाद सुनक ने क्या कहा था.
ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने जा रहे भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने सोमवार को ‘स्थिरता और एकता’ को प्राथमिकता देने का वादा किया. टोरी पार्टी में नेतृत्व पद की दौड़ के नतीजे घोषित होने के शीघ्र बाद सुनक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता देश को एकजुट करने की होगी. उन्होंने कहा कि इस देश ने उन्हें काफी कुछ दिया है और उसे चुकाने के लिए अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य पाकर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं. सुनक ने लंदन में संसद के नजदीक कंजरवेटिव पार्टी मुख्यालय में कहा, ‘ब्रिटेन एक महान देश है, लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम एक गंभीर आर्थिक चुनौती का सामना कर रहे हैं. ’ उन्होंने कहा, ‘हमें अब स्थिरता और एकता की जरूरत है तथा मैं अपनी पार्टी तथा देश को एकजुट रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दूंगा, क्योंकि यही एक मात्र रास्ता है, जिसके जरिये हम चुनौतियों से निपट सकते हैं तथा अपने बच्चों और पोते-पोतियों के लिए एक बेहतर और अधिक समृद्ध भविष्य बना सकते हैं.’








