सक्ती : भीषण गर्मी व लू से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

0
34
सक्ती : भीषण गर्मी व लू से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

सक्ती, 19 मार्च 2026 : प्रदेश में भीषण गर्मी और ताप की लहर की आशंका को ध्यान में रखते हुए निदेशक, ट्रेनिंग ऑपरेशन अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, नगर सेना तथा नागरिक सुरक्षा छत्तीसगढ़ द्वारा बचाव हेतु उपाय के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किया गया है।

उनके द्वारा जारी निर्देश के अनुसार भीषण गर्मी व ताप की लहर से बचने के संबंध में गर्मी के पहले एवं गर्मी के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। जारी निर्देशों के अनुसार, गर्मी शुरू होने से पहले ही नागरिकों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने की आदत डालने तथा स्थानीय मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गर्मी से संबंधित बीमारियों के लक्षणों और प्राथमिक उपचार की जानकारी रखना भी आवश्यक बताया गया है। गर्मी के दौरान दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

इसे भी पढ़ें :-जशपुर को विकास की नई सौगात : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 19.51 करोड़ के 6 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर को ढकने के लिए टोपी, गमछा या छाते का उपयोग करने को कहा गया है। अधिक तापमान के समय भारी और अधिक ऊर्जा वाली गतिविधियों से बचने, यात्रा के दौरान पानी साथ रखने तथा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेयों से परहेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन से बचें तथा हल्का और ताजा भोजन करें। घर से बाहर कार्य करने वाले लोग अपने सिर, गर्दन और चेहरे को ढककर रखें तथा गीले कपड़ों का उपयोग करें। बच्चों और पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ने तथा पशुओं को छाया में रखने और उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।

इसके अलावा घर को ठंडा बनाए रखने के लिए पर्दे, शटर या सनशेड का उपयोग करने और रात में खिड़कियां खोलकर वेंटिलेशन बनाए रखने की सलाह दी गई है। शरीर को ठंडा रखने के लिए बार-बार ठंडे पानी से स्नान करने तथा गीले कपड़ों का उपयोग करने को कहा गया है। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी जैसे पेय पदार्थों का सेवन कर शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है।

विशेष परिस्थितियों में चिकित्सक से परामर्श लेने की भी बात कही गई है।हीट स्ट्रोक की स्थिति में व्यक्ति को तुरंत ठंडी या छायादार जगह पर लिटाने, उसके शरीर को गीले कपड़े से पोंछने या ठंडे पानी का छिड़काव करने तथा ओआरएस या नमक-चीनी घोल पिलाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि व्यक्ति बेहोश हो तो उसे कुछ भी खाने-पीने के लिए न दें और शीघ्र ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। एक घंटे के भीतर सुधार न होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सख्त हिदायत दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here