LK Advani’s 96th Birthday: मोदी, शाह, नड्डा समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दी शुभकामनाएं

0
256

नयी दिल्ली: पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहे लाल कृष्ण आडवाणी मंगलवार को 95 वर्ष के हो गये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के नेताओं ने उन्हें जन्मदिन के मौके पर बधाई दी। मोदी के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ंिसह यहां आडवाणी के आवास पर उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।

आडवाणी से मिलने के बाद मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारत के विकास में उनका योगदान चिरस्मरणीय है। उनकी दूरदृष्टि और बुद्धिमत्ता के लिए पूरे भारत में उनका सम्मान किया जाता है। भाजपा को स्थापित करने और मजबूत करने में उनकी भूमिका अद्वितीय है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

पार्टी के विकास के सूत्रधार माने जाने वाले आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्होंने (आडवाणी) अपने सतत परिश्रम से देश भर में पार्टी संगठन को मजबूत किया और सरकार का हिस्सा रहते हुए देश के विकास में भी अमूल्य योगदान दिया। शाह ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुदीर्घ आयु की कामना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ ंिसह ने कहा कि आडवाणी ने देश, समाज और पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उन्हें भारतीय राजनीति के महान व्यक्तित्वों में गिना जाता है। युवा नेताओं की एक पीढ़ी को तैयार करने वाले दिग्गज नेता को बधाई देते हुए, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने उन्हें भारतीय राजनीति का एक प्रमुख प्रकाश पुंज और पार्टी नेताओं के लिए एक मार्गदर्शक बताया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र और पार्टी को सर्मिपत आडवाणी का जीवन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भी वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व उप प्रधानमंत्री और हमारी पार्टी के संस्थापक सदस्य श्री लाल कृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। मां भारती की सेवा करने की उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव उनका स्वास्थ्य ठीक रखें और लंबी उम्र प्रदान करें।’’

अविभाजित पाकिस्तान के कराची शहर में 1927 में जन्मे आडवाणी कम उम्र में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) में शामिल हो गए और बाद में जनसंघ के लिए काम किया जहां उन्होंने अपनी संगठनात्मक क्षमताओं के साथ अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।
वह 1980 में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में रहे और कई दशकों तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ पार्टी का मुख्य चेहरा बने रहे। वाजपेयी सरकार में आडवाणी देश के गृह मंत्री रहे और बाद में उन्हें उपप्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

एक प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक दल के रूप में भाजपा को स्थापित करने के लिए उन्होंने 1990 के दशक में राम जन्मभूमि आंदोलन को लेकर रथ यात्रा की । इस घटना को राष्ट्रीय राजनीति में एक युगांतकारी मोड़ के रूप में देखा जाता है जिसके बाद से भाजपा लगातार मजबूत होती चली गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here