एमसीबी/25 नवंबर 2026 : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु अभियान लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है।
अभियान के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक शासकीय प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है। प्रशासन की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली से आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।
इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम भगवानपुर निवासी दुर्गा प्रसाद ढीमर, पिता जोखे लाल ढीमर को अपने पुत्र शिवम ढीमर के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया।
प्रशासन की तत्परता से उनके आवेदन का शीघ्र निराकरण करते हुए महज तीन दिनों के भीतर उनके पुत्र का आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। आय प्रमाण पत्र शिक्षा, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
ऐसे में कम समय में प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से दुर्गा प्रसाद ढीमर को बड़ी राहत मिली। उन्हें प्रमाण पत्र के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा, जिससे उनके समय और श्रम की भी बचत हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच आसान बनाने तथा सुशासन को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है।
सेवा सेतु अभियान शासन की इसी जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर साकार करते हुए नागरिकों को सुविधाजनक एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। अपने पुत्र का आय प्रमाण पत्र मात्र तीन दिनों में प्राप्त होने पर दुर्गा प्रसाद ढीमर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उनकी यह सफलता सेवा सेतु अभियान की प्रभावशीलता और नागरिक केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था का उदाहरण है।








