नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल स्टूडेंट से गैंगरेप केस में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 2 आरोपी अभी भी फरार हैं। सभी पास के गांव के रहने वाले हैं। ख़बरों के मुताबिक पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास पीड़ित का मोबाइल था। इससे कॉल किया गया था। टावर लोकेशन से आरोपियों की जानकारी मिली।
वहीँ, पुलिस के मुताबिक, घटना कोलकाता से 170 किमी दूर दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने 10 अक्टूबर की रात 8 से 10 बजे के बीच हुई। पीड़ित अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी। कैंपस गेट पर 3 युवक खडे़ थे।
इसे भी पढ़ें :-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस 2025 : 15 नवंबर से होगी धान खरीदी, कलेक्टरों को धान खरीदी की तैयारियां करने के निर्देश
पीड़ित के मुताबिक, युवकों ने उसका मोबाइल छीना, फिर बाल पकड़कर कैंपस गेट के सामने जंगल में घसीटकर ले गए। तीनों ने उसका रेप किया। इस दौरान उसका दोस्त वहां से भाग गया था। पुलिस ने बताया, पीड़ित ओडिशा की रहने वाली है और एमबीबीएस 2nd ईयर की स्टूडेंट है।
डिप्टी मजिस्ट्रेट और दुर्गापुर SDO रंजना रॉय ने पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने कहा- छात्रा का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर है। उसका परिवार साथ है। लड़की के दोस्त और उसके साथियों इसके शामिल होने के आरोप परिवार ने लगाए हैं। पीड़ित के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।