वनांचल के युवाओं का पराक्रम: शंकरगढ़ के 11 युवा बने अग्निवीर

0
31
वनांचल के युवाओं का पराक्रम: शंकरगढ़ के 11 युवा बने अग्निवीर

रायपुर , 19 जून 2026 : छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र शंकरगढ़ के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के सामने संसाधनों की कमी कोई मायने नहीं रखती। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड के 11 युवाओं का भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। इनमें ग्राम जोकापाठ निवासी अरविंद यादव का चयन भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्पेशल फोर्स ‘पैरा कमांडो’ में हुआ है। वे जिले से इस गौरवशाली इकाई में चयनित होने वाले पहले युवा बन गए हैं।

वनांचल और ग्रामीण परिवेश से निकलकर इन युवाओं ने कठिन परिस्थितियों, सीमित सुविधाओं और संसाधनों के अभाव के बावजूद अपनी मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता पूरे सरगुजा संभाग के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

इसे भी पढ़ें :-एमसीबी : नशे के खिलाफ एकजुट हुआ एमसीबी, 26 जून तक चलेगा विशेष अभियान

हाल ही में चयनित युवा अपने प्रशिक्षकों के साथ कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी से मिले। कलेक्टर ने सभी युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं में असीम संभावनाएं हैं। यदि उन्हें सही दिशा, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने गांव और आसपास के अन्य युवाओं को भी सेना तथा अन्य प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस उपलब्धि के पीछे अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव और एक सेवानिवृत्त सैनिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दोनों ने युवाओं को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देने, शारीरिक दक्षता विकसित करने और लिखित परीक्षा की तैयारी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन और युवाओं की अथक मेहनत का परिणाम आज पूरे जिले के सामने प्रेरक उदाहरण के रूप में है।

विशेष रूप से अरविंद यादव की सफलता ने इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया है। अरविंद बताते हैं कि सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना उनका बचपन का सपना था। वर्षों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और परिवार व प्रशिक्षकों के सहयोग ने उन्हें भारतीय सेना की सबसे चुनौतीपूर्ण और प्रतिष्ठित इकाइयों में स्थान दिलाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here