सूरजपुर/02 जुलाई 2026 : कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में सर्व निर्माण विभागों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर, गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर जमील ने अधूरे स्कूल भवनों सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागों को कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति और प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता शुल्क एवं राजस्व वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वसूली कार्य में विशेष गंभीरता लाने तथा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना, धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) तथा अधोसंरचना मद अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अमृत मिशन, सिंगल यूज प्लास्टिक नियंत्रण तथा आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत छात्रावास भवनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विद्युत विभाग, गृह निर्माण मंडल, जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में गति लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।








