रायपुर, 29 जुलाई 2026 : विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने तथा युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत विजन’ एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले में जिला स्तरीय युवा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पीएमस्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सूरजपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व, आत्मसंयम तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, भाषण, चित्रकला तथा ऑनलाइन नारा लेखन जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और इससे दूर रहने के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इसे भी पढ़ें :-कोतबा-बागबहार सड़क का काम प्रगति पर, अक्टूबर-2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सामाजिक संवेदनशीलता, जागरूकता और रचनात्मक प्रतिभा विशेष रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम में शंभु प्रसाद निषाद, रामचन्द्र सोनी तथा राम कुशल तिवारी निर्णायक मंडल के सदस्य रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम के अंत में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित योग परिचर्चा में विशेषज्ञों ने युवाओं को बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, तनावमुक्त जीवन और नशे से दूरी बनाए रखने का प्रभावी माध्यम भी है। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं और जनजागरूकता के माध्यम से यह अभियान एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक, जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल, उप संचालक अजय सिंह, प्राचार्य मनोज झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लेने के साथ हुआ।








