रायपुर, 01 अगस्त 2026 : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में भी आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसका एक और उदाहरण बालोद जिले के डौण्डी विकासखंड के वनांचल ग्राम देवपाण्डुम में देखने को मिला, जहां सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से पेयजल की गंभीर समस्या का समाधान महज 48 घंटे के भीतर कर दिया गया।
बारिश और तेज हवा से प्रभावित हुआ था सोलर जल प्रदाय सिस्टम
डौण्डी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम देवपाण्डुम के लगभग 25 परिवारों को जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर आधारित जल प्रदाय योजना के माध्यम से हर घर नल से पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। हाल ही में लगातार हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण सोलर सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे पूरे गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत, तत्काल शुरू हुई कार्रवाई
ग्राम देवपाण्डुम निवासी छत्तर सिंह कुमेटी ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन 1076 के बारे में जानकारी प्राप्त की थी। पेयजल संकट उत्पन्न होने पर उन्होंने 1076 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग सक्रिय हो गया और कुछ ही घंटों में क्रेडा के अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
अगले ही दिन गांव पहुंची तकनीकी टीम, बहाल हुई जल आपूर्ति
लगातार बारिश के बावजूद क्रेडा के तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम अगले ही दिन ग्राम देवपाण्डुम पहुंची। टीम ने सोलर आधारित जल प्रदाय प्रणाली की तकनीकी खराबी की जांच कर उसे तत्काल दुरुस्त किया। मरम्मत कार्य पूरा होते ही गांव में पेयजल आपूर्ति पुनः सुचारु रूप से शुरू हो गई, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
ग्रामीणों ने त्वरित समाधान पर जताई खुशी
शिकायतकर्ता छत्तर सिंह कुमेटी ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वनांचल क्षेत्र की समस्या का समाधान इतनी शीघ्र हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के मात्र 48 घंटे के भीतर गांव में फिर से नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई। इससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
सीएम हेल्पलाइन बन रही सुशासन का प्रभावी माध्यम
ग्राम देवपाण्डुम के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने तथा सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी शासन और आमजन के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनकर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रही है।








