Bharat Jodo Yatra: आज 85वां दिन, उज्जैन से शुरू हुई, हरीश रावत, स्वरा भास्कर यात्रा में शामिल

0
308

उज्जैन: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक दिन के विश्राम के बाद बृहस्पतिवार सुबह उज्जैन से शुरू हुई और मध्य प्रदेश के आखिरी जिले आगर मालवा की ओर रवाना हुई। यात्रा के दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राज्यसभा सांसद दिग्विजय ंिसह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शोभा ओझा और अभिनेत्री स्वरा भास्कर राहुल गांधी के साथ कदमताल करते हुए नजर आए।

उज्जैन के बाहरी इलाके में स्थित आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज से यात्रा सुबह करीब छह बजे शुरू हुई। यात्रा सुबह करीब दस बजे नजरपुर गांव में सुबह के विश्राम के लिए ठहरेगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यात्रा दोपहर बाद घाटिया बस स्टैंड से शुरू होगी और झालरा गांव में रात्रि विश्राम होगा।

गांधी की अगुवाई वाली यात्रा महाराष्ट्र से गुजरने के बाद ‘‘दक्षिण का द्वार’’ कहे जाने वाले बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से मध्य प्रदेश में 23 नवंबर को दाखिल हुई थी। यह यात्रा चार दिसंबर को राजस्थान में दाखिल होने से पहले, 12 दिन के भीतर पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में 380 किलोमीटर का फासला तय करेगी। मध्य प्रदेश में यात्रा अब तक बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और इंदौर जिलों से होकर गुजरी है।

भाजपा शासित मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। यात्रा के दौरान गांधी ने उज्जैन में मंगलवार को देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रसिद्ध भगवान महाकाल मंदिर के दर्शन किए। इससे पहले उन्होंने खंडवा जिले में एक अन्य ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर मंदिर में भी पूजा अर्चना की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here