भोपाल : देश में मानसून अब वापसी की ओर बढ़ रहा है, लेकिन कई राज्यों में बारिश से जुड़े हादसे जारी हैं। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में शनिवार को तेज बारिश के बाद उफनते नाले में एक कार बह गई। हादसे में ओडिशा के एक ही परिवार के 7 सदस्यों सहित 8 की मौत हो गई। सभी लोग उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर जा रहे थे।
क्षेत्र में रात भर हुई तेज बारिश के कारण मंदिर के पास का नाला उफान पर था। ओडिशा से आए श्रद्धालु उज्जैन से किराए पर ली गई कार (मारुति एस-प्रेसो) से दर्शन कर लौट रहे थे। पानी का अंदाजा न मिलने के कारण कार उफनते नाले में बह गई और गहरे पानी में डूब गई। कार में सवार 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें ओडिशा (भुवनेश्वर और कटक) के एक ही परिवार के 7 लोग (जिनमें 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं) और मध्य प्रदेश का स्थानीय कार ड्राइवर शामिल थे।
ओडिशा और मध्य प्रदेश सरकार के प्रशासन ने शवों के पोस्टमार्टम और उन्हें ओडिशा वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता राशि (अनुग्रह राशि) का भी ऐलान किया है।








