दंतेवाड़ा, 10 जनवरी 2025 : जिला खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 हेतु जिले के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में 09 जनवरी 2025 की स्थिति में जिले के कुल 5589 किसानों से कुल 17043 मेट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही विभिन्न धान खरीदी केन्द्रो से 4106 मेट्रिक टन धान का उठाव भी किया जा चुका है।
किसानों से औसत अच्छी गुणवत्ता (एफएक्यू) के धान का क्रय सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। इस प्रकार अमानक, खराब धान खरीदी केन्द्रो में आने पर उक्त धान को अस्वीकृत (रिजेक्ट) कर किसानों को अच्छी गुणवत्ता का धान विक्रय हेतु खरीदी केन्द्रो में लाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें :-28 वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव 11 एवं 12 जनवरी को
धान उपार्जन की प्रक्रिया पर निगरानी हेतु प्रत्येक उपार्जन केन्द्र में निगरानी समिति का गठन किया गया है। साथ ही किसानों की किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण एवं सुविधा हेतु प्रत्येक खरीदी केंद्र में नोडल अधिकारियों तथा ट्रस्टेड पर्सन की नियुक्ति भी की गई है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न व्यापारियो के द्वारा धान के अवैध भण्डारण एवं विक्रय को रोकने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं खाद्य अधिकारी कीर्ति कुमार कौशिक व सहायक खाद्य अधिकारी योगेश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में 09 जनवरी 2025 को विकासखण्ड कुआकोण्डा के विभिन्न व्यापारियो के गोदामो का खाद्य निरीक्षक प्रमोद कुमार सोनवानी, खाद्य निरीक्षक धीरेन्द्र कश्यप, खाद्य निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ठाकुर, खाद्य निरीक्षक सचिन कुमार, मंडी सचिव गीदम गणेश कुमार तथा मंडी उपनिरीक्षक बालमुकुंद यादव के द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
इसे भी पढ़ें :-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार हो रहा है विस्तार
निरीक्षण के दौरान व्यापारी मो. ईशाद निवासी मैलावाड़ा के गोदाम से 50 क्विंटल धान, भगवान सिंह पटेल निवासी मैलावाड़ा के गोदाम से 21 क्विंटल धान, मे. पासवान ट्रेडर्स नकुलनार के गोदाम से 39 क्विंटल धान, विवेक सिंह निवासी नकुलनार के गोदाम से 11 क्विंटल धान, चंद्रपाल सिंह निवासी नकुलनार के गोदाम से 10 क्विंटल धान, भरत कुमार सिंह निवासी नकुलनार के गोदाम से 16 क्विंटल धान मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर जप्त किया गया, तथा आगे की कार्यवाही हेतु प्रकरण को कलेक्टर (खाद्य शाखा) में प्रस्तुत किया गया है।