बालोद सब्जी मंडी में दिनदहाड़े लूट, चाकू की नोक पर व्यापारी से 25 हजार रुपये लूटकर फरार

0
61
बालोद सब्जी मंडी में दिनदहाड़े लूट, चाकू की नोक पर व्यापारी से 25 हजार रुपये लूटकर फरार

बालोद ब्यूरो चीफ क्लिपर 28 न्यूज

बालोद/पीपरछेड़ी : बालोद शहर की प्रमुख सब्जी मंडी में शनिवार सुबह हुई दिनदहाड़े लूट की घटना ने व्यापारियों और आम नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। मंडी परिसर के भीतर एक व्यापारी से चाकू की नोक पर 25 हजार रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद पूरे मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया और व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम रेंघनी (मालीघोरी) निवासी डोमेश्वर पटेल सब्जी व्यापार से जुड़े हुए हैं। वे शनिवार सुबह मंडी में सब्जी खरीदने और अन्य व्यापारियों को भुगतान करने के उद्देश्य से 25 हजार रुपये नकद लेकर पहुंचे थे। प्रतिदिन की तरह उन्होंने मंडी में खरीदारी की और इसके बाद मंडी परिसर स्थित बाथरूम की ओर चले गए।

इसे भी पढ़ें :-कर्मचारियों ने सरकारी दफ्तर को बना दिया मयखाना, शाम ढलते ही शराबखोरी का वीडियो आया सामने…

बताया जा रहा है कि जैसे ही डोमेश्वर पटेल बाथरूम के अंदर पहुंचे, कुछ अज्ञात युवक उनके पीछे अंदर घुस गए। आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर उनके पेट पर अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पास रखे 25 हजार रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि मंडी में रोजाना बड़ी मात्रा में नकद लेन-देन होता है, ऐसे में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम आवश्यक हैं।

इसे भी पढ़ें :-बेमेतरा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 31 मई को जिले के प्रवास पर रहेंगे

घटना के बाद पीड़ित व्यापारी अन्य व्यापारियों के साथ बालोद थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंडी परिसर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

जांच के दौरान पुलिस ने पाण्डेयपारा, टिकरापारा और नयापारा क्षेत्र से 10 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में से एक व्यक्ति की पहचान पीड़ित द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

मंडी के व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मंडी परिसर में निगरानी तंत्र को और प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here