नई दल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। टेकऑफ के दौरान स्विस एयर की फ्लाइट के इंजन में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 6 यात्री घायल हुए हैं, हालांकि सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की फ्लाइट LX 147 दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी। जैसे ही विमान रनवे पर गति पकड़ रहा था, तभी एक इंजन से असामान्य आवाज आई और अचानक उसमें आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी।
इसे भी पढ़ें :-नक्सलमुक्त बस्तर में अब हो रहे है तेजी से निर्माण कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें सक्रिय हो गईं। कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया और विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
विमान में कुल 232 यात्री सवार थे। अचानक धुआं भरने और आग लगने से यात्रियों में घबराहट फैल गई। इस दौरान 6 यात्री हल्के रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। क्रू की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
इसे भी पढ़ें :-अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड की उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को
घटना के बाद कुछ समय के लिए रनवे संचालन प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों की टीम ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।








