BIG NEWS: दवाई कंपनी में हुए धमाके में मारे गए लोगों के परिजनों ने मांगा मुआवजा…

0
195

आंध्र प्रदेश: राज्य के अनकापल्ली जिले में स्थित एक दवाई कंपनी में हुए धमाके में जान गंवाने वाले दो लोगों के परिजनों ने कंपनी मालिक से मुआवजे की मांग की है। साहिती फार्मा कंपनी में हुए विस्फोट में रासायनों से जलने के कारण दोनों व्यक्तियों की शुक्रवार शाम विशाखापत्तनम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को कहा, ‘‘मृतकों के करीब 30 रिश्तेदार अभी कंपनी में एकत्र हैं। वो कंपनी की तरफ से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।’’ सरकार ने हादसे में मरने वाले व्यक्तियों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।
अनकापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक के.वी. मुरली कृष्णा ने कहा कि हादसे में घायल हुए चार व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए केजीएच अस्पताल से इंडस अस्पताल भेजा गया है जबकि एक घायल का इलाज केजीएच अस्पताल में जारी है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों का बीमा कराया हुआ है और उम्मीद है कि बीमा राशि के रूप में भी कुछ सहायता मिलेगी। धमाके के वक्त कंपनी में 35 लोग मौजूद थे जिसमें से अधिकतर को कोई चोट नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट पर अचुतापुरम विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) में स्थित दवाई कंपनी में विस्फोट हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here